अबू फ़रहान छोटू
कोसी की आस@टेढ़ागाछ, किशनगंज।
झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की ऐतिहासिक जीत से कांग्रेस व राजद कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। कार्यकताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि हसनैन राजा ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की झारखंड में ऐतिहासिक जीत ने साबित कर दिया है कि देश में मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। नागरिकता संशोधन कानून, आर्थिक संकट, कृषि संकट, बेरोजगारी व बढ़ती महंगाई से देश के आम लोग मोदी सरकार से खफा हो गए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इसका परिणाम है कि महाराष्ट्र के बाद झारखंड में कांग्रेस गठबंधन आगे आ रही है। उन्होंने झारखंड चुनाव में जीत के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी को जिला कांग्रेस की ओर से बधाई देते हुए कहा कि बिहार विधान सभा चुनाव में भी महागठबंधन की सरकार बननी तय है। वही राजद युवा प्रखंड अध्य्क्ष नजाम उद्दीन ने झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलने पर प्रसन्नता जताते इसके लिए झारखंड की जनता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राजद के तेजस्वी यादव को बधाई दी।