मधेपुरा जिले के चौसा के विभिन्न बाजार में धनतेरस के अवसर पर महीनों बाद रौनक लौटी। इस मौके पर दुकानदारों पर लक्ष्मी की खूब कृपा बरसी और करोड़ों का कारोबार हुआ। इस मौके पर सुबह से शाम तक लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में लोगों को पांव रखने के लिए जगह तक नहीं थी। लोग एक-दूसरे को धक्के मारते हुए आगे बढ़ रहे थे। यहां तक इस भीड़ में लोगों को कई परेशानियां भी हुई। धनतेरस पर सुबह ही ज्वैलर्स की दुकानों में खूब भीड़ रही। लोगों ने महंगाई के बाबजूद खूब सोने-चांदी के आभूषण खरीदे। महिलाओं ने सोने की चूड़ियां ,मंगलससूत्र सहित अन्य सामान खरीदा। ज्वैलर्स की दुकानों में चांदी के सिक्के की खूब मांग रही।
इसके अलावा बर्तनों की दुकानों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस दौरान महिलाओं ने कांसे की थालियां, तांबे के जग सहित स्टील के बर्तन की जमकर खरीदारी की। इस दौरान कारोबारियों की खूब चांदी हुई। इस मौके पर इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में खूब भीड़ रही। लोगों ने टीवी, फ्रीज सहित अन्य चीजों की खरीदारी की।
मोटरसाइकिल के शोरुम में भी कई लोगों ने गाड़ियों की खरीददारी की। स्वाति एमआई स्टोर चौसा में मोबाईल, एलसीडी खरीदने वालों की जबरदस्त भीड़ देखी गई। साथ ही चौसा के कई मोबाईल दुकानों में आज उपभोक्ता की भीड़ रही।
धनतेरस को धन त्रयोदशी व धन्वंतरि जयंती के नाम से भी जाना जाता है। धनतेरस के त्योहार से धन की देवी के उत्सव का प्रारंभ होता है। इस दिन लोग नए-नए सामान की खरीदारी कर उनकी पूजा करते हैं। दीवाली से दो दिन पहले धनतेरस का त्योहार लोग बड़े उत्साह से मनाते हैं। इस दिन से घरों में माता लक्ष्मी का पूजन प्रारंभ हो जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन सोना, चांदी व बर्तनों की खरीदारी कर पूजा करने से धन का लाभ होता है। इसलिए लोग खूब उत्साह से खरीदारी करते हैं।
राहुल यादव
कोशी की आस@मधेपुरा