पाॅस मशीन पर अंगूठा लगाने के बाद ही मिलेगा लाभुकों को राशन – एसडीएम

0
231
- Advertisement -

मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल कार्यालय के सभागार में बुधवार को एसडीएम एसजेड हसन ने जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एसडीएम ने सरकार के निर्देश से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पिछले साल राज्य सरकार ने गड़बड़ी रोकने के लिए पाॅस मशीन की व्यवस्था की। इस व्यवस्था के तहत जनवितरण के लाभार्थियों को पाॅस मशीन पर अंगूठा लगाने के बाद राशन उपलब्ध कराने के नियम बनाएं गए।

पिछले महीने कोरोना विषाणु को लेकर जारी लॉकडाउन की स्थिति में सरकार ने संक्रमण दूर भगाने के लिए इस व्यवस्था में बदलाव किया। लॉकडाउन अवधि तक जनवितरण दुकानदारों के अंगूठे के निशान देने पर राशन दिए जाने का निर्देश जारी हुआ। लेकिन इस व्यवस्था में तत्काल बदलाव के बाद ही कुछ जिलों में गड़बड़ी सामने आया। इससे कई जनवितरण दुकानदारों पर गरीबों के अनाज के घपले का आरोप लगा।

- Advertisement -

उसके बाद सरकार ने फिर से व्यवस्था परिवर्तन कर लाभुको को ही पाॅस मशीन पर अंगूठा लगाने पर राशन दिए जाने का निर्देश जारी कर दिया। इस स्थिति में एसडीएम ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी जनवितरण दुकानदारों व अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था की जानकारी दी। वहीं लॉकडाउन की स्थिति में आवश्यक निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि एक दिन में 25 लाभुको के बीच ही राशन का वितरण किया जाए। इसमें सामाजिक दूरी का ख्याल रखा जाए। कार्डधारियो को मुफ्त में अनाज दिया जाना है। जनवितरण दुकानदारों को दुकान के पास साबुन की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी कहा गया कि दुकान सुबह सात से शाम चार बजे तक खुला रखा जाए। वृद्ध के लिए सुबह सात से दस बजे तक, सभी कटेगरी के लिए दस से दो बजे तक, महिला लाभुको के लिए दो से चार बजे तक दुकान खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें लाभुकों के चयन के आधार पर राशन वितरण के निर्देश दिए गए हैं। प्रखंड स्तर के अधिकारी वितरण पर नजर बना कर रखें। किसी भी तरह की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

प्रीतम कुमार
कोशी की आस@उदाकिशुनगंज,मधेपुरा

- Advertisement -