मधेपुरा : सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ,चौसा द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन।

0
481
- Advertisement -

राहुल यादव
कोसी की आस@चौसा,मधेपुरा

वृक्ष सौ पुत्रों के समान है। पुत्र तो सिर्फ माता-पिता या एक परिवार की सेवा करते हैं, जबकि वृक्ष पूरी दुनिया व मानवता की सेवा करते है। लिहाजा हमें जीवन में कम-से-कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए।

- Advertisement -

उक्त बातें चौसा के प्रभारी थानाध्यक्ष महेश कुमार रजक ने कही। वे आज नव वर्ष के अवसर पर स्थानीय थाना परिसर में सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ, चौसा द्वारा ‘जल-जीवन-हरियाली’ के तहत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार के जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम को समर्थन देकर सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ ने मिसाल कायम किया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश भारत की संस्कृति एवं सभ्यता वनों में ही पल्लवित तथा विकसित हुई है। यह एक तरह से मानव का जीवन सहचर है। वृक्षारोपण से प्रकृति का संतुलन बना रहता है। वृक्षारोपण मानव समाज का सांस्कृतिक दायित्व भी है क्योंकि वृक्षारोपण हमारे जीवन को सुखी संतुलित बनाए रखता है। वृक्षारोपण हमारे जीवन में राहत और सुखचैन प्रदान करता है। उन्होंने आम लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्त्तव्य है कि वह अपने जीवन में एक वृक्ष अवश्य लगाए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्राचार्य नवल किशोर जायसवाल ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग को कम करना सबकी जिम्मेदारी है। ईश्वर द्वारा बनाई गई धरती की हरी-भरी गोद हमें हमारे पूर्वजों के पुण्य कार्यों के कारण मिली थी। हमारा भी दायित्व बनता है कि आने वाली पीढ़ी के लिये हम वृक्षारोपण के माध्यम से धरती माता की गोद को हरी-भरी करें। जन्म से लेकर अंतिम यात्रा तक वृक्षों का हमारे जीवन में अमिट योगदान रहेगा। इसी व्यवस्था को ध्यान में रखकर आने वाली पीढ़ी के लिये कार्य कर रहे हैं।

पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष डाॅ अम्बिका गुप्ता ने कहा कि वृक्ष जीवन दायक होता है। अगर हम वास्तव में जीवित रहना चाहते हैं और अच्छे जीवन यापन करना चाहते हैं तो अधिक-से-अधिक पेड़ लगाए जाने चाहिए। पूर्व मुखिया सूर्य कुमार पटवे ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी जरूरत वृक्ष है, लिहाजा सबको अभियान के तौर पर वृक्षारोपण करना चाहिए।

बाबा विशु राउत इंटर महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ सुरेश प्रसाद साह ने कहा कि वृक्ष, वर्षा के लिये एवं वातावरण को शुद्ध करने के लिये सहायक होते हैं। अधिक-से-अधिक वृक्षारोपण करने का दायित्व भी हम लोगों का है। यदि आप वृक्षों को लगाने व बचाने की सोंचते हैं, जल को बर्बाद न होने की प्रतिज्ञा करते हैं तो आप इस कार्य में अवश्य सफल होंगे। उन्होंने संस्था के सदस्यों से पेड़ लगाने व जल बचाने का संकल्प दिलाया। युवा एचपी ग्रामीण गैस वितरक के प्रबन्धक सत्यप्रकाश गुप्ता ”विदुरजी” ने पेड़ों के बिना जीवन की कल्पना अधूरी बताया। उन्होंने अधिक-से-अधिक पेड़ों को लगाने की अपील की।

सनद रहे कि आज बुधवार को क्षेत्र में नव वर्ष की धूम मची है। कोई मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं तो कोई पिकनिक मना रहा हैं, वहीं नव वर्ष के शुभ अवसर पर सामाजिक शैक्षणिक कल्याण संघ, चौसा ने किया मिसाल कायम। कुछ अलग तरीके से नव वर्ष मनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संघ से जुड़े समाजसेवियों बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी जल-जीवन-हरियाली योजना के समर्थन में चौसा थाना परिसर में पंद्रह फलदार वृक्ष लगाकर मिसाल कायम किया। उक्त बाबत संघ के सचिव संजय कुमार सुमन ने बताया कि हम पूरे वर्ष इसी तरह छोटे बड़े पेड़ पौधे लगाते रहेंगे और पेड़ों को काटने पर रोकने का प्रयास करेंगे।

इस मौके पर पूर्व मुखिया सूर्यकुमार पटवे,पूर्व सरपंच प्रतिनिधि संतोष पासवान, संघ के उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, कार्यक्रम संयोजक राहुल यादव, शेफाली कुमारी, प्रेरणा कुमारी, स्वास्तिका कुमारी, कुमार साजन, नौशाद आलम, संजय कुमार, मृत्युंजय कुमार, अवर निरीक्षक श्याम चन्द्र झा, सहायक अवर निरीक्षक आलोक कुमार अमल, प्रदीप कुमार, उमेश कुमार, युवा समाजसेवी अबुसालेह सिद्दीकी, गुलाब कुमार, अजय कुमार समेत दर्जनों गणमान्य लोगों ने अपने हाथों एक एक पौधा लगाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष यहिया सिद्दीकी ने किया।

- Advertisement -