मधेपुरा : बिहार में लगातार बढ़ते अपराध से पुराने दिन याद आने लगे हैं। अपराधी बेखौफ होकर आये दिन घटना को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के शाहजादपुर पंचायत से संबंधित है। जहाँ पंचायत के डोमारही गांव के वार्ड संख्या दो में बुधवार की रात धर्मदेव सादा (35) की गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की गई।
बताया गया कि जख्मी युवक डोमारही गांव के दशरथ सादा के पुत्र हैं। युवक टेंपू चलाने का काम करता था। युवक की पत्नी गांव की आशा कार्यकर्ता है। घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। जिसको लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही है। कोई लेन देन की बात बता रहा है तो कोई लड़की के साथ नजायज संबंध होना बता रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस सूत्रों से बताया गया कि अबतक स्वजनों ने शिकायत हेतु आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घटना की जानकारी के बाद स्वजनों बहुत परेशान हैं। गांव के लोग भी सकते में हैं। क्षेत्र में लगातार बढ रहें अपराधिक वारदात से लोगों में भय व्याप्त है। वहीं लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है।
बताया जाता है कि बदमाशों ने युवक को गोली मारकर आम के बगीचे में फेंक दिया। अगली सुबह गुरुवार को आम बगीचा में शौच के दौरान कुछ लोगों की नजर अचानक युवक पर पड़ी। कानों कान खबर आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवक को जिन्दा पाकर उदाकिशुनगंज पीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक को हाईयर चिकित्सा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना स्थल पर पहुंचे बुधमा कैंप प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने घटना की सूचना वरीय अधिकारी को दी। सूचना पाकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश कुमार एवं पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही की बात कही है।
प्रीतम कुमार
कोशी की आस@उदाकिशुनगंज,मधेपुरा