रितेश : हन्नी
कोशी की आस@सहरसा
जिला मुख्यालय के डी०बी रोड स्थित मछली मार्केट में प्रेसवार्ता कर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता मो. रफत परवेज, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष मो. नुरुल्लाह आजाद, मो. महताब आरिफ, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. एहसान शाम ने भाजपा की प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता से त्यागपत्र की घोषणा की।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता मो. रफत परवेज ने कहा कि आज के परिपेक्ष्य में देश की हालात जिस ढंग से बद से बदत्तर हुई है वह चिंता का विषय हैं। सीएए, एनआरसी, एनपीआर के नाम पर जिस प्रकार से अल्पसंख्यकों के बीच दहशत फैलाने का कार्य केंद्र की भाजपा सरकार ने किया इसका पटाक्षेप दिल्ली दंगा के रूप में हुआ।
उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह, कपिल मिश्रा, अनुराग ठाकुर, प्रवेश वर्मा जैसे लोगों की जहरीली जुबान ने आग में घी देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि देश की नाकाम अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, दम तोड़ते उच्च शिक्षण संस्थान ही देश की पहचान बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास सिर्फ कागजी नारा बनकर रह गया है। सीएए कानून आने के पश्चात अल्पसंख्यक कार्यकर्त्ताओं के प्रति पार्टी के बढ़ते अविश्वास का ही प्रतिफल है कि सहरसा, मधेपुरा, सुपौल तीनों जिले की कार्यसमिति सूची में एक भी अल्पसंख्यकों को जगह नहीं दी गई। तीनों जिला तो मात्र एक उदाहरण है, पूरे भारत में गिरिराज सिंह, कपिल मिश्रा, अनुराग ठाकुर, प्रवेश वर्मा, योगी आदित्यनाथ, साक्षी महाराज जैसे वरीय नेतागण खुलेआम सत्ता की प्राप्ति मात्र के लिए मुसलमानों को निशाना बना रहे हैं जो कि दु:खदायी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को त्यागपत्र भेज दिया गया है। पार्टी से इस्तीफा देने वालों में मो. वसी अख्तर, मो. इब्राहिम, मो.एहशान, मो. फिरोज, मो. अख्तर, शाकिर हुसैन, शादाब आरिफ, मो. रसूल, मो. शकील, मो. मुन्ना, फारुख हुसैन सहित सैकड़ों कार्यकर्त्ता शामिल हैं।