सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के वार्ड नंबर छह में रविवार को मामूली विवाद में पुत्र ने चापाकल के हैंडल से वार कर पिता की हत्या कर दी, जबकि सौतेली मां को भी जख्मी कर दिया। घटना के बाद पुत्र अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहपुर राम टोला निवासी राम सोगारथ राम के पुत्र पप्पू राम व सौतेली मां लीला देवी के बीच छत पर रखे गोइठा हटाने को लेकर विवाद हो गया। जिस पर लीला देवी द्वारा गोइठा को बाद में हटा लेने की बात कही गई। इसी बात से आक्रोशित पुत्र सौतेली मां से मारपीट करने लगा। झगड़ा होता देखकर बगल में काम कर रहे पिता राम सोगारथ राम बीच-बचाव करने पहुंचे जिसके बाद पुत्र पप्पू राम घर में लगे चापाकल का हैंडल खोलकर पिता और सौतेली मां पर वार करने लगा। पुत्र द्वार लोहे के हैंडल से प्रहार करने के बाद राम सोगारथ राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लीला देवी जख्मी हो गई। पिता की मौत होने के बाद आरोपित पुत्र पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि जख्मी मां को इलाज हेतु पीएचसी ले जाया गया। लोगों ने बताया कि रामसोगारथ राम की दो शादी थी। पहली पत्नी का पुत्र पप्पू राम है। जबकि दूसरी पत्नी से दो पुत्र है, जिसमें बड़ा पुत्र बाहर मजदूरी करता है जबकि छोटा पुत्र घर पर ही मां-पिता के साथ रहता था। थानाध्यक्ष मो० अकमल हुसैन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
रितेश : हन्नी
कोशी की आस@सहरसा