सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछले दिनों शहर के तिवारी चौक के समीप दिनदहाड़े मिक्की चौबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या के नामजद आरोपी ध्रुव कुमार तिवारी को मधुबनी जिले के गंडौल से गिरफ्तार किया।
जानकारी देते हुए सदर थानाध्यक्ष आर• के• सिंह ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने कांड संख्या 827 /2020 के नामजद अभियुक्त ध्रुव कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिसिया दबिश के कारण मिक्की चौबे हत्याकांड का मुख्य आरोपी आशीष कुमार मिश्रा एवं अंकित ने कुछ दिन पहले ही कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। वहीं अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि हत्याकांड का एक नामजद आरोपी ध्रुव कुमार तिवारी मधुबनी जिले के गंडौल में छिपा हुआ है। प्राप्त सूचना के आलोक में मधुबनी पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर उसे पकड़ा गया। थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि पुलिस के गिरफ्त में आये युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रितेश : हन्नी
कोशी की आस@सहरसा