सहरसा: हथियार से लैस होकर कोशी दियरा क्षेत्र पहुँचे बदमाश ने पुल निर्माण कार्य में लगे हेड मिस्त्री को गोली मारा

0
117
- Advertisement -

सहरसा – जिले के पूर्वी कोशी तटबंध के भीतर महिषी थाना एवं कनरिया ओपी क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र में बीती रात बेख़ौफ़ अपराधियों ने पुल निर्माण में काम करने वाले राजमिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दिया। मृतक मिस्त्री अररिया जिले के जोखर थाना क्षेत्र के रहने वाला मोहम्मद जुम्मन बताया जा रहा है जो हेड मिस्त्री के रूप में यहाँ काम करता था। बताते चलें कि घोघसम से खर्रा मुसहरी जाने वाली सड़क मार्ग में करोड़ों की लागत से उच्च स्तरीय पुल निर्माण का कार्य चल रहा है।

- Advertisement -

वहीं घटना के बाद महिषी व कनेरिया ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से छह जिंदा कारतूस एवं दो खोखा भी बरामद किया है। वहीं हेड मिस्त्री की हत्या के बाद से ही कार्यस्थल पर लगे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घोघसम से खर्रा मुसहरी जाने वाली पथ में खर्रा के समीप दो करोड़ 45 लाख की लागत से उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य मधेपुरा जिले के संवेदक गोविंद कुमार के द्वारा करवाया जा रहा है।

निर्माणाधीन पुल के लेआउट का कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्यस्थल पर मुंशी सहित आधे दर्जन से अधिक मजदूर मिस्त्री कार्य करा रहे थे। बताया जा रहा है कि देर रात निर्माण कार्यस्थल पर हथियार बन्द अपराधी पुल निर्माण करा रहे मुंशी से रंगदारी की रकम लेने की तलाश में आए थे। बदमाशों ने पहले सो रहे मजदूर को उठाकर मुंशी के संबंध में जानकारी लिया। बदमाशों को मुंशी के दूसरे झोपड़ी में होने की जानकारी मिली तो बदमाशों ने एक मिस्त्री को अपने साथ लेकर मुंशी को खोजने दूसरे झोपड़ी में पहुंचा लेकिन वहाँ मुंशी नहीं मिला। जिसपर आगबबूला होकर बदमाशों ने उक्त मिस्त्री के सीने व पेट में गोली मार दी। जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गई।

वहीं इस बाबत मुख्यालय डीएसपी की माने तो प्रथम दृष्टया मामला लेवी मांगने का सामने आ रहा है। स्थानीय पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

राहुल यादव
कोशी की आस@सहरसा

- Advertisement -