सहरसा : बीते दिनों हुए गोलीकांड में एक गिरफ्तार, अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज।

0
1356
- Advertisement -

रितेश : हन्नी
कोसी की आस@सहरसा

जिले के पंचवटी चौक निवासी गोलू यादव को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि गोली कांड में जख्मी गोलू यादव के चाचा के आवेदन पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदर थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के अमरपुर अगवानपुर निवासी अभिनव कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं जख्मी गोलु यादव के चाचा सुरेश यादव ने थाना में दिए आवेदन में कहा है कि उनका भतीजा गोलू यादव 29 नवंबर को इस्लामियां चौक पर घरेलू कार्य से गया था।

- Advertisement -

पूर्व से चली आ रही दुश्मनी के कारण उसपर अंधाधुंध गोली चलाई गई जिसमें वह जख्मी हो गया और जिंदगी और मौत के बीच झुझ रहा है। स्थानीय लोगों ने भाग रहे एक बदमाश अभिनव कुमार को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्होंने आवेदन में कहा है कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण गहरी साजिश के तहत उनके भतीजा को जान से मारने के लिए हमला किया गया। हालांकि उन्होंने जख्मी के होश में आने के बाद बांकी जानकारी उसके द्वारा देने की बात कही है। वहीं जख्मी गोलू यादव को बेहतर इलाज के लिए सहरसा के निजी नर्सिंग होम से पटना रेफर कर दिया गया है। जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानिए कैसे क्या हुआ?

नगर परिषद क्षेत्र के पंचवटी चौक निवासी गोलू यादव को गोली मारने की घटना के बाद युवाओं का आक्रोश चरम पर था। लोग पुलिस प्रशासन के प्रति काफी नाराजगी जता रहे थे। वैसे युवाओं को संयमित करने में भी कुछ लोग जुटे रहे।

जनप्रतिनिधियों का लगा रहा तांता

गोलु यादव को गोली लगने की घटना की जानकारी जिसको जहाँ से मिली वो सीधे गाँधी पथ स्थित सूर्या हॉस्पीटल पहुँचने लगे। पूर्व विधायक डा. आलोक रंजन, संजीव कुमार झा, नप अध्यक्ष रेणु सिन्हा, घनश्याम चौधरी, छत्री यादव के अलावा विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधि पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा शहर भर के युवाओं की भीड़ जख्मी को देखने के लिए जुटी रही। लोग पल-पल की जानकारी लेते रहे।

सोशल मीडिया पर छाया रहा गोलु प्रकरण

घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर घटना ट्रोल हो गया। लोग पुलिस प्रशासन पर अपनी भड़ास सोशल मीडिया के माध्यम से निकालते रहे। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना था कि जिले में अपराध चरम पर है। लगातार घटनाएं हो रही है जिसे नियंत्रित करने में पुलिस विफल है। लोग जख्मी के ईश्वर से ठीक होने की दुआ भी करते रहे।

कई थाना की पुलिस की हुई थी तैनाती

घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए कई थाना पुलिस की चौक-चौराहों पर तैनाती की गई थी। शाम तक बाजार की सारी दुकानें पूरी तरह बंद रही। हालांकि लोगों की आवाजाही होती रही। वाहनों का परिचालन जारी रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बदमाश का नाम आया सामने

घटना में एक बदमाश जग्गा यादव का नाम सामने आया है। आरोपित का मूल घर कोपरिया बताया जा रहा है। हालांकि वह शहर के इस्लामियां चौक पर रहता था। कहा यह जा रहा है कि उक्त युवक पूर्व में आरोपित गोलू यादव के संपर्क में था। हालांकि एक घटना को लेकर गोलू यादव ने एक दिन पहले उसकी पिटाई कर हिदायत दी थी। जिसके बाद वह मौका मिलते ही गोलू यादव को गोली मार जख्मी कर दिया। कहा यह भी जा रहा है कि आरोपित युवक छात्र राजद से जुड़ा हुआ है। राजद के बड़े नेताओं के साथ आरोपी की तस्वीर भी वायरल हो रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में गोलीकांड में संलिप्त बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह छापेमारी जारी है।

- Advertisement -