राजेश कुमार सहरसा…..
बुधवार की सुबह बलुआहा पुल पर महिषी थाना क्षेत्र के मंगरौनी निवासी रूपेश कुमार की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना पर हंगामा करने के बाद दोपहर में बलुआहा पुल के समीप सड़क जामकर उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान ईद के मौके पर अपने परिजनों से मिलने जाने वाले सैकड़ों लोग घंटों जाम में फंसे रहे। वहीं दरभंगा, मधुबनी सहित स्थलों पर जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि सदर एसडीओ शंभूनाथ झा, सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के आश्वासन पर करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त हो सका।
सड़क जाम कर रहे लोग थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने, आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। आक्रोशित ने पुलिस प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। बलुआहा पुल पर बांस-बल्ला लगाकर आवागमन को पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शनकारी महिलाएं हाथों में झाड़ू लेकर जबकि पुरूष लाठी-डंडा के साथ पुलिस प्रशासन के विरोध में उग्र प्रदर्शन करते रहे। लोगों के आक्रोश को देखकर सदर थाना, बनगांव थाना, बिहरा थाना, जलई ओपी समेत काफी संख्या में पुलिस बल को बुला लिया गया था। मृतक का शव जैसे ही बलुआहा पुल के पास पहुंचा देखने वालों का तांता लग गया। शव के वाहन को भी प्रदर्शन स्थल पर रोककर जाम पर डटे रहे। प्रदर्शनकारी एम्बुलेंस सेवा को बाधित नहीं किया। सड़क जाम से वाहनों का काफिला लगा रहा। बाद में एसडीओ, एसडीपीओ, विभिन्न थाना की पुलिस, स्थानीय जनप्रतिनिधि के सहयोग से जाम समाप्त हो सका। एसडीपीओ ने आरोपित की गिरफ्तारी जल्द करने का भरोसा दिया।