सुपौल : सोनू आलम, बलुआ बाजार।
बलुआ बाजार क्षेत्र की सड़कों पर इन दिनों मक्का किसानों का कब्जा हो गया है। राहगीरों को उनकी मर्जी से सड़क पर चलना भी दूभर हो गया है। प्रशासन के सख्ती बरतने के बावजूद सड़कों पर बेफिक्र होकर मक्के सुखाए जा रहे हैं। इस दौरान राहगीरों को वाहन से आवाजाही में हमेंशा हादसा होने का डर बना रहता है। बलुआ थाना क्षेत्र के एसएच 91 उदाकिशुनगंज से बीरपुर जाने वाली मुख्य मार्ग पर शनिवार को स्थानीय किसान मक्का सुखाने में लगे रहे। इन सड़कों के आधे हिस्से पर फैले मक्का से बचने के लिए वाहन चालकों को सड़क के शेष हिस्से से निकलने में परेशानी होती है। जरा सी भी चूक हुई तो जिंदगी खतरे में पड़ सकती है।
आजकल ग्रामीण इलाके की ओर से गुजरने पर सड़क पर मक्का के सिवाय कुछ और नजर नहीं आता। कई स्थानों पर तो मक्का फैलाकर बांकी बचे सड़क के हिस्से पर ईंट-पत्थर के अवरोधक मिलते हैं। यदि गलती से नजर अवरोधक पर नहीं पड़ी तो बाइक चालक फिसलकर मक्के पर गिरते हैं। इधर, लोगों का कहना है कि इस बाबत प्रशासन के द्वारा सड़क पर मक्का सुखाने वाले पर कार्रवाई करने की बात कही गई है। बावजूद इसके लोग अपने आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। आलम यह है कि अब तो प्रशासन भी नजर फेर कर बच निकलते हैं। हालांकि बलुआ थानाध्यक्ष संतोष कुमार निराला को जानकारी देने के बाद उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क पर मक्का सुखना जुर्म है, जाँच उपरांत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।