सोनू /अक्षय
कोसी की आस@सुपौल
बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले चल रहे आन्दोलन के तहत कल विधायक/विधान पार्षद के आवास पर शिक्षकों की एकता के बल पर धरना काफी सफल रहा।पंकज कुमार सिंह,अध्यक्ष मंडली सदस्य और शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति सह बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि विरोधी दल के विधायकों ने जहाँ हम सबों के आन्दोलन को हाथो-हाथ लेते हुए सदन में कार्य स्थगन प्रस्ताव लाया। वहीं सत्ताधारी दल के विधायक भी हमारी मांगों को मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों की एकजुटता और संघर्ष का नतीजा है। हम सब अपने संघर्ष को जितनी ऊंचाई देंगे, उतना सफल होंगे। उन्होंने आगे कहा कि आज भी हमारे आन्दोलन को कुचलने के लिए सरकार के मंत्री महेश्वर हजारी द्वारा बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ, प्रखण्ड इकाई कल्याणपुर (समस्तीपुर) के क्रांतिकारी प्रखण्ड अध्यक्ष जय किशोर राय, सतीश कुमार और शंभु कुमार को गिरफ्तार करवा कर थाना भेजने का कार्य किया। जिसे बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति, अध्यक्ष मंडली सदस्य सह बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष आदरनीय आनंद कौशल सहित अन्य संघीय साथियों के सहयोग से सचिवालय थाना से छुड़वा लिया गया है।
उन्होंने कहा कि हमलोगों का आन्दोलन निरंतर सही दिशा में आगे बढ रहा है। सरकार अपने हर चाल में नाकाम हो रही है।हमें नियमित शिक्षकों की भांति हुबहू वेतनमान सहित अन्य मांगों की पूर्ति तक हरहाल में शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति को बनाए रखने की आवश्यकता है। शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के आगामी बैठक पश्चात आन्दोलन की अगली रणनीति,जो करो या मरो की तरह होगा, उसे सफल कर हमलोग अपना जायज हक लेकर रहेंगे।