सोनू आलम
सुपौल : भीमपुर थाना क्षेत्र में समकालीन अभियान के तहत भीमपुर पुलिस ने शनिवार की सुबह दो अलग जगहों से दो वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस दौरान पुलिस ने ठूठी पंचायत के वार्ड 7 से जहर खाने को लेकर हुई मौत के आरोपी हरदेव साह को गिरफ्तार कर लिया। मालूम हो कि विगत 2 मार्च 2019 को ठूठी पंचायत वार्ड 7 में एक महिला की जहर खाने से मौत हो गई थी। जिसके बाद लड़की के पिता सहदेव साह ने थाने में लीखित आवेदन देकर हरदेव साह सहित छः लोगों को आरोपी ठहराया था। घटना के बाद आरोपी हरदेव साह फरार बताया जा रहा था। भीमपुर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में शनिवार की सुबह भीमपुर पुलिस ने समकालीन अभियान के तहत आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी ओर बेलागंज निवासी ओसरिल बहरदार को भी गिरफ्तार कर लिया। उक्त व्यक्ति पर कुर्की वारंट का आरोप था। भीमपुर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस बाबत भीमपुर थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद रवि ने बताया कि आज सुबह दो अलग-अलग जगहों से दोनों वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत सुपौल भेज दिया गया है।