एन के शुशील
गुरुवार रात सुपौल जिला मुख्यालय निवासी गिरिधर प्रसाद भगत के बंद घर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों के जेवरात समेत कीमती सामानों की चोरी कर ली। हालांकि चोरी की गयी सामानों समेत नगदी आदि से संबंधित कोई सटीक जानकारी पीड़ित परिवार के कोई भी परिजन के घर में नहीं रहने के कारण नहीं हो सकी है। लेकिन पीड़ित के 3 कमरें के मुख्य दरवाजा का ताला तोड़कर चोर द्वारा जिस ढंग से कमरें के अंदर के बक्सा, गोदरेज, अलमीरा, पलंग बॉक्स आदि के सामानों को बिखेर कर यत्र-तत्र फेंका गया था, इससे यही प्रतीत होता है कि चोरों ने पीड़ित के घर से केवल कीमती सामान, जेवरात और नगदी की चोरी की है।
चोरों ने पीड़ित के दो और कमरें का ताला तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन दरवाजे के लॉक नही खुल पाया। इस कारण चोरों के द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देने के निमित लायें गये औजार में से एक औजार सलाई रिंच दरवाजे के हैंडल में ही फंसा रह गया।
पीड़ित के भतीजा शशि भूषण पप्पू ने बताया कि उनके चाचा समेत उनके परिवारिक सदस्य 15 दिन पहले आसाम (गोहाटी) गये हुये है। पन्द्रह दिन से उनका घर बंद था। चोरों ने बीती रात मुख्य द्वार का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि चोरों ने बड़ी ही बारीक ढंग से चोरी की घटना को अंजाम दिया। जिसके कारण उनलोगों को घटना की कोई जानकारी नही हो सकी। श्री पप्पू ने बताया कि उनको चोरी की घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह लगभग 9 बजे के हुई। तब जाकर उन्होंने अपने चाचा समेत उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दिया।
उन्होंने बताया कि सुबह में छत पर चढ़ने के बाद उन्होंने अपने चाचा के घर के पिछे का गेट खुला देखा। जिसके तुरंत बाद जब मुख्य द्वार पर पहुँचा तो आगे के ग्रील का ताला टूटा पड़ा था। उन्होंने अंदर प्रवेश किया तब जाकर उन्हें चोरी की घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देकर चोर पिछले दरवाजे के ताला तोड़कर दीवाल फांककर भागने में सफल हुआ है।
उन्होंने घर पीछे के बांस बाड़ी से अपने चाचा के घर के एक तौलिया मिलने की बात पुलिस से कही। पुलिस ने चोरों के द्वारा छोड़े गये सालाई रिंच को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गयी है। थानाध्यक्ष राघव शरण खुद घटना स्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच पड़ताल किया। उन्होंने बताया कि घटना स्थल से बरामद औजार काफी नया है। औजार समेत अन्य गति विधियों के तहत पुलिस पड़ताल में जुट गयी है। उधर, पंचायत भवन के ठीक सामने बड़ी आबादी के इस टोले के घर मे चोरी की घटना होने से लोग सहमे हुये है। लोगों का कहना है कि पीड़ित के घर मे इनदिनों उनके बेटे की शादी की तैयारी चल रही थी। जिस कारण काफी समान की खरीद हुई थी। पुलिस जल्द चोरी की घटना का पर्दाफाश करें। इधर, पीड़ित के परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वे लोग घर के लिये रवाना हो गये है। परिवार वाले के पहुँचने पर चोरी की गयी सामानों का अंदाजा लगाया जा सकता है। पीड़ित के पुत्र अमरदीप खोखा के पहुंचने पर सही जानकारी होने की बात कही जा रही है।