किशनगंज : टेढ़ागाछ के फतेहपुर स्थित भारत नेपाल सीमा पर शनिवार की रात नेपाल पुलिस ने तीन भारतीय नागरिकों पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घायल युवक को अनन फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ लाया गया था। फिर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भेज दिया गया।घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक का इलाज पूर्णिया में किया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया घायल युवक जितेंद्र कुमार सिंह (25) एवं उनके दो साथी अंकित कुमार सिंह व गुलशन कुमार सिंह लगभग साढ़े सात बजे अपनी मवेशी ढूंढने भारत नेपाल सीमा स्थित माफी टोला व मल्लाह टोला गया था। गाँव से बाहर खेत के तरफ गया, जहां नेपाल सीमा पर तैनात नेपाल पुलिस इन युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें जितेंद्र कुमार सिंह को गोली लगी है।
नेपाल की ओर से फायरिंग की इस घटना में घायल युवक जितेंद्र कुमार सिंह को उनके दोनों साथियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने घटना स्थल से उठाकर उनके घर लाया। इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस व 12 वीं बटालियन के एसएसबी फतेहपुर को दी गई। फिर भी रात में पुलिस व एसएसबी की टीम घटना स्थल पर नहीं पहुंची थी। रविवार की सुबह से भारत नेपाल सीमा पर तनाव का माहौल है।
भारत नेपाल सीमा पर नेपाली पुलिस द्वारा फायरिंग की घटना को लेकर सीमा पर तनाव है। इधर प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। पुलिस व एसएसबी के अधिकारियों के बीच विशेष बैठक चल रही है। एसएसबी 12 वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट बिरेन्द्र चौधरी ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नेपाल पुलिस द्वारा युवकों पर चार फायरिंग की गई है।जिसमें एक युवक जितेंद्र कुमार सिंह के कांधे पर एक गोली लगी है। जिसका इलाज पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ में की गई, फिर बाद में पूर्णिया में चल रही है। यह जांच का विषय है। फायरिंग किस कारण हुई है। इस मामले में अभी जांच चल रही है।
अबू फ़रहान छोटू
कोशी की आस@किशनगंज