प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अचानक राजपथ के लॉन में आयोजित हुनर हाट में पहुंचकर लोगों को चौंका दिया। वहां उन्होंने बिहार के प्रसिद्ध व्यंजन लिट्टी-चोखा खाया साथ ही कुल्हड़ में चाय का भी आनंद लिया। उन्होंने इसका भुगतान भी स्वयं ही किया। ‘कौशल को काम’ थीम पर आधारित हुनर हाट 13 फरवरी से 23 फरवरी तक राजपथ के लॉन में आयोजित किया जा रहा है। हुनर हाट का आयोजन केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय कर रहा है। इसमें देश भर के कारीगर अपने उत्पाद प्रदर्शित करने पहुंचे हैं। बुधवार को कैबिनेट की बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने बिना किसी तय कार्यक्रम के हुनर हाट जाने का फैसला किया।
बाद में उन्होंने ट्वीट कर बताया कि हुनर हाट में स्वादिष्ट लिट्टी-चोखा खाया और चाय पी। उन्होंने लिखा कि इंडिया गेट पर हुनर हाट में शानदार दोपहर बिताई। यह हस्तशिल्प, वस्त्र व स्वादिष्ट भोजन समेत उत्पादों का सबसे अच्छा प्रदर्शन करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हुनर हाट पहुंचने पर उनके आसपास भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए साथ ही कई ने तो उनके साथ सेल्फी भी ली। उन्हें देखकर प्रदर्शनी में मौजूद कारीगर भी काफी खुश नजर आए। कारीगरों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं, प्रधानमंत्री ने उनके समाधान का आश्वासन भी दिया।
Images source: google