अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को समाज के अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाओं को ‘नारी शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया। इन महिलाओं को राष्ट्रपति भवन में हुए एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार प्रदान किया गया। राष्ट्रपति ने 34 महिलाओं को इस सम्मान से नवाजा है। इन महिलाओं में दुनिया के सफर पर निकली नौसेना की छह महिला अधिकारी भी शामिल हैं। इसके अलावा समाज सुधार, विज्ञान, व्यापार, खेल, मनोरंजन और कला जगत जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से संबंध रखने वाली तमाम महिलाओं को भी सम्मानित किया गया है।
बता दें कि इसमें मशरूम की खेती करने वाली बिहार की बीना देवी को सम्मानित किया गया। बीना देवी ‘ मशरूम महिला’ के रूप में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। वहीं दरभंगा की बेटी भावना कंठ को भी नारी शक्ति सम्मान राष्ट्रपति ने दिया। भावना कंठ भारतीय वायुसेना की उन फ्लाइंग ऑफिसरों में एक है जिन्होंने अकेले ही वायु सेना का लड़ाकू विमान मिग-21 उड़ाया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीना देवी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने बिहार की सैकड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है और वह लगातार जैविक खेती को बढ़ावा दे रही है। बीना देवी ने मशरूम की खेती के लिए बिहार की महिलाओं को प्रेरित कर राज्य का नाम रौशन किया है। वहीं वायुसेना की फायटर पायलट भावना कंठ को बधाई देते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि उन्होंने पूरे देश में बिहार का नाम रौशन किया है।