बिहार लोक सेवा आयोग के सेवानिवृत्त अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता एक बार फिर से ग्रहण की है। राज्य सरकार के विभिन्न पदों पर लम्बे समय तक अपनी सेवा देने के बाद वे 31 जनवरी 2022 को अपने पद से सेवानिवृत हुए। श्री वर्मा भारतीय जनता पार्टी से पहली बार 1980 में जुड़े थे। वे बाल काल से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे तथा लम्बे अरसे बाद एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
पटना, महेन्द्रू निवासी सुनील कुमार वर्मा बाल्य काल में लोक नायक जय प्रकाश नारायण के आन्दोलन से सक्रीय रहे। उसके बाद संघ परिवार और फिर भाजपा से जुड़ गये। 1982 में वे महेन्द्रू मंडल के महामंत्री और चुनाव कार्य में सक्रिय रहे। 1988 में भाजयुमो के जिला महामंत्री का दायित्व संभाला लेकिन 1994 में बिहार लोक सेवा आयोग की प्रतियोगिता परीक्षा पास कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी, सीतामढ़ी के पद से सरकारी सेवा की शुरुआत की और तब राजनीति से दूर हो गये। इस दौरान श्री वर्मा को बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, मंत्री प्रेम कुमार के आप्त सचिव और प्रमोद कुमार के OSD बन कर अपनी सेवा देने का भी मौका मिला।
श्री वर्मा के भाजपा में शामिल होने के मौक़े पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, सांसद विवेक ठाकुर, विधायक अरुण सिन्हा और संजीव चौरसिया समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।